नौवहन और नाविकों की सुरक्षा पर मित्र समूह (एस4 पर जीओएफ) के सह-अध्यक्ष के रूप में भारत और लाइबेरिया ने नौवहन और नाविकों पर हमलों की कड़ी निंदा की है।
एक संयुक्त बयान में, दोनों देशों ने पिछले कुछ दिनों में खाड़ी और उसके आसपास और काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर किए गए अस्वीकार्य हमलों की कड़ी निंदा की है। संयुक्त बयान में इस बात पर जोर दिया गया कि समुद्री व्यापार को बाधित करने और निर्दोष लोगों की जान लेने वाली ये कार्रवाइयां बिल्कुल अक्षम्य हैं। दोनों देशों ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के हित में ऐसे हमलों को तत्काल रोकने का आह्वान किया है। उन्होंने अपनी जान गंवाने वाले नाविकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
भारत और लाइबेरिया ने इस साल 25 सितंबर को S4 पर GoF लॉन्च किया था। संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों देश ऐसे हमलों की पुनरावृत्ति को रोकने और नाविकों के अधिकारों की रक्षा के लिए अधिक समन्वय का समर्थन करने के लिए तैयार हैं।
यह आकाशवाणी समाचार (ऑल इंडिया रेडियो) की एक समाचार रिपोर्ट है, जिसे जारी रूप में पुन: प्रस्तुत किया गया है।
