लाइव शनिवार, 10 अक्टूबर 2026
ब्रेकिंग
बिज़नेस और अर्थव्यवस्था

एनएलएमसी ने आरआईएनएल भूमि ई-नीलामी से पहले एक मॉक ई-ऑक्शन प्रशिक्षण आयोजित किया

93,572.21 वर्ग गज में फैले आरआईएनएल के 459 भूमि पार्सलों की 12 और 16 अक्टूबर को होगी ई-नीलामी
एनएलएमसी ने आरआईएनएल भूमि ई-नीलामी से पहले एक मॉक ई-ऑक्शन प्रशिक्षण आयोजित किया
प्रतीकात्मक तस्वीर

स्रोत: पत्र सूचना कार्यालय (PIB), भारत सरकार — वित्‍त मंत्रालय · PIB Delhi · मूल विज्ञप्ति pib.gov.in पर पढ़ें

  • 93,572.21 वर्ग गज में फैले आरआईएनएल के 459 भूमि पार्सलों की 12 और 16 अक्टूबर को होगी ई-नीलामी
  • पहली नीलामी के लिए पंजीकरण और ईएमडी जमा करने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर 2026, शाम 5:00 बजे तक

वित्त मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम विभाग (डीपीई) के अधीन राष्ट्रीय भूमि मुद्रीकरण निगम (NLMC) ने आगामी ई-नीलामी से पहले संभावित बोलीदाताओं को ऑनलाइन बोली प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए 6 अक्टूबर 2026 को विशाखापत्तनम में एक प्रत्यक्ष मॉक ई-ऑक्शन प्लेटफॉर्म प्रशिक्षण आयोजित किया। यह प्रशिक्षण विशाखापत्तनम स्टील प्लांट की कॉरपोरेट इकाई राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL) के 459 भूमि पार्सलों की आगामी ई-नीलामी के मद्देनजर आयोजित किया गया।

व्यावहारिक प्रशिक्षण का उद्देश्य संभावित बोलीदाताओं और अन्य इच्छुक हितधारकों को एक बनावटी वातावरण में ई-नीलामी प्लेटफॉर्म का अनुभव प्रदान करना था। सत्रों में बोली इंटरफेस, भागीदारी प्रक्रिया तथा ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया के अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई, जिससे प्रतिभागियों को वास्तविक नीलामी से पहले प्लेटफॉर्म की व्यावहारिक समझ प्राप्त हो सके।

जो संभावित बोलीदाता प्रत्यक्ष प्रशिक्षण में शामिल नहीं हो सके, उनकी सुविधा के लिए एनएलएमसी ने 7 अक्टूबर 2026 को ऑनलाइन मॉक ई-ऑक्शन प्लेटफॉर्म प्रशिक्षण भी आयोजित किया। इस ऑनलाइन सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को 12 और 16 अक्टूबर 2026 को होने वाली वास्तविक नीलामी से पहले दूरस्थ रूप से डिजिटल बोली प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।

मॉक ई-ऑक्शन की ये पहल दो चरणों में होने वाली आरआईएनएल की भूमि ई-नीलामी से कुछ दिन पहले आयोजित की गई हैं। पहला चरण 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक और दूसरा चरण 16 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान एनएलएमसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि प्रत्यक्ष और ऑनलाइन मॉक ई-ऑक्शन सत्र संभावित बोलीदाताओं को वास्तविक नीलामी से पहले डिजिटल बोली प्रक्रिया से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि एनएलएमसी का प्रयास नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुलभ और प्रतिभागियों के अनुकूल बनाना है तथा संभावित बोलीदाताओं को प्लेटफॉर्म समझने और निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आरआईएनएल की भूमि नीलामी परिसंपत्ति मुद्रीकरण का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रस्तुत करती है और एनएलएमसी इस प्रक्रिया को पेशेवर, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

93,572.21 वर्ग गज में फैले 459 भूमि पार्सल

आरआईएनएल के भूमि पोर्टफोलियो में विशाखापत्तनम में स्थित 459 प्रीमियम और भार-मुक्त भूखंड शामिल हैं, जो कुल 93,572.21 वर्ग गज क्षेत्र में फैले हुए हैं। इनमें एचबी कॉलोनी, मडिलापालेम और ऑटो नगर, गाजुवाका जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

इन भूखंडों का आकार लगभग 128.94 वर्ग गज से 2,728 वर्ग गज तक है, जिससे संभावित खरीदारों को विभिन्न स्थानों और आकारों में विकल्प उपलब्ध होंगे।

इन संपत्तियों की पेशकश RailTel E-Nivida ई-प्रोक्योरमेंट प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी ई-टेंडर-कम-ई-ऑक्शन प्रक्रिया के तहत की जा रही है। Quikr India Pvt. Ltd. (QIPL) इस प्रक्रिया के लिए ट्रांजैक्शन कंसल्टेंट है।

महत्वपूर्ण नीलामी तिथियां

विवरण

पहला चरण

दूसरा चरण

भूखंडों की संख्या

243

216

नीलामी की तिथि

12 अक्टूबर 2026

16 अक्टूबर 2026

नीलामी का समय

सुबह 11:00 – शाम 7:00 बजे

सुबह 11:00 – शाम 7:00 बजे

पंजीकरण एवं ईएमडी की अंतिम तिथि

8 अक्टूबर 2026, शाम 5:00 बजे

14 अक्टूबर 2026, शाम 5:00 बजे

ईएमडी

₹2 लाख प्रति भूखंड

₹2 लाख प्रति भूखंड

12 अक्टूबर को होने वाली पहली चरण की नीलामी में भाग लेने के इच्छुक संभावित बोलीदाताओं को 8 अक्टूबर 2026 को शाम 5:00 बजे तक पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने, निर्धारित आवश्यकताओं को पूरा करने और ईएमडी जमा करने की आवश्यकता है।

16 अक्टूबर को निर्धारित दूसरे चरण के लिए पंजीकरण और ईएमडी जमा करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर 2026 को शाम 5:00 बजे तक है।

तीन शहरों में निवेशक संपर्क कार्यक्रम

नीलामी से पहले एनएलएमसी ने विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा और हैदराबाद में निवेशक बैठकें भी आयोजित कीं। इन बैठकों के माध्यम से संभावित खरीदारों और अन्य हितधारकों को भूमि पार्सलों, नीलामी प्रक्रिया, पात्रता आवश्यकताओं और संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।

इन निवेशक बैठकों में प्रत्यक्ष और वर्चुअल दोनों माध्यमों से संभावित खरीदारों ने भाग लिया। इनमें क्षेत्र से बाहर तथा विदेशों में स्थित प्रतिभागी भी शामिल थे। प्रत्यक्ष और ऑनलाइन मॉक ई-ऑक्शन प्रशिक्षण से इस संपर्क अभियान को और मजबूती मिली तथा संभावित बोलीदाताओं को डिजिटल बोली प्लेटफॉर्म का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।

6 अक्टूबर को विशाखापत्तनम में आयोजित प्रत्यक्ष प्रशिक्षण और 7 अक्टूबर को आयोजित ऑनलाइन प्रशिक्षण के माध्यम से शुरू की गई यह दो-स्तरीय मॉक ट्रेनिंग पहल वास्तविक नीलामी से पहले व्यापक भागीदारी और बोलीदाताओं की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।

एनएलएमसी केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (CPSEs) और सरकारी एजेंसियों की अतिरिक्त भूमि तथा गैर-मुख्य परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण में सहायता कर रहा है। यह सरकार के उस व्यापक उद्देश्य का हिस्सा है, जिसके तहत पारदर्शी और सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं के माध्यम से कम उपयोग की जा रही परिसंपत्तियों के मूल्य को सामने लाना है।

संभावित बोलीदाता आरआईएनएल भूमि ई-नीलामी से संबंधित विस्तृत जानकारी, जिसमें भूखंडों का विवरण, नीलामी कार्यक्रम, पात्रता मानदंड, नियम एवं शर्तें, पंजीकरण आवश्यकताएं और बोली प्रक्रिया शामिल हैं, आधिकारिक ई-नीलामी पोर्टल पर प्राप्त कर सकते हैं:

ई-नीलामी पोर्टल: eauction.enivida.com

एनएलएमसी के बारे में

राष्ट्रीय भूमि मुद्रीकरण निगम (NLMC) भारत सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी है, जो वित्त मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्य करती है। एनएलएमसी केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तथा अन्य सरकारी एजेंसियों की अतिरिक्त भूमि और गैर-मुख्य परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण में एक सुव्यवस्थित और पेशेवर ढांचे के माध्यम से सहायता करता है।

आरआईएनएल के बारे में

राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL), विशाखापत्तनम स्टील प्लांट की कॉरपोरेट इकाई है। यह इस्पात मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का एक नवरत्न उपक्रम है।

यह पत्र सूचना कार्यालय (PIB) द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति है, जिसे बिना बदलाव के प्रकाशित किया गया है।

स्रोत

यह पत्र सूचना कार्यालय (PIB), भारत सरकार द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति है — वित्‍त मंत्रालय, PIB Delhi. PIB की कॉपीराइट नीति के अनुसार इसे बिना बदलाव के प्रकाशित किया गया है।

मूल विज्ञप्ति देखें
यह ख़बर साझा करें और हमारे सोशल मीडिया से जुड़ें: